श्रावस्ती, 20 सितंबर 2026।
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में रविवार, 20 सितंबर 2026 को साक्षरता परीक्षा का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। जनपद के विभिन्न विकास खंडों में बनाए गए 640 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में लगभग 12,000 परीक्षार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। परीक्षा को लेकर नवसाक्षरों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।
साक्षरता परीक्षा का मुख्य उद्देश्य उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से साक्षर किए जा रहे व्यक्तियों के पढ़ने, लिखने तथा बुनियादी गणितीय कौशल का आकलन करना रहा। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।
परीक्षा के दौरान संबंधित शिक्षकों, प्रेरकों एवं विभागीय कार्मिकों द्वारा परीक्षार्थियों को आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया। परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षा संपन्न कराई गई। विभागीय अधिकारियों द्वारा भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा परीक्षा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के माध्यम से समाज के ऐसे वयस्कों को साक्षर बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जो किसी कारणवश औपचारिक शिक्षा से वंचित रह गए हैं। कार्यक्रम के अंतर्गत केवल पढ़ना-लिखना ही नहीं, बल्कि व्यक्तियों को दैनिक जीवन में उपयोगी बुनियादी ज्ञान एवं कौशल से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत ने कहा कि, “उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम समाज के प्रत्येक व्यक्ति को साक्षर एवं सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जनपद में 640 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 10 हजार परीक्षार्थियों की सहभागिता इस अभियान की व्यापकता और सफलता को दर्शाती है। साक्षरता केवल अक्षर ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन के निर्णय स्वयं लेने, आवश्यक जानकारी समझने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान करती है। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक निरक्षर व्यक्तियों को इस अभियान से जोड़कर उन्हें साक्षर बनाया जाए और साक्षरता के बाद भी उनके निरंतर सीखने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए।”
उन्होंने परीक्षा के सफल आयोजन में लगे सभी शिक्षकों, प्रेरकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही ‘साक्षर जनपद, सशक्त समाज’ के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।






Users Today : 0